वनाग्नि की रोकथाम को लेकर मसूरी में हुआ मॉक ड्रिल, ग्रामीणों और सहयोगियों को किया सम्मानित
वनाग्नि की रोकथाम को लेकर मसूरी में हुआ मॉक ड्रिल, ग्रामीणों और सहयोगियों को किया सम्मानित

मसूरी।
Devendra Uniyal
कार्यालय प्रभागीय वनाधिकारी, मसूरी वन प्रभाग में हंस फाउंडेशन एवं मसूरी वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में वनाग्नि की रोकथाम, नियंत्रण एवं बचाव कार्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वनाग्नि मॉक ड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वनाग्नि की घटनाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना, आग बुझाने के आधुनिक तरीकों की जानकारी देना तथा वन विभाग, स्थानीय ग्रामीणों एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। मॉक ड्रिल के माध्यम से वनाग्नि की स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों, बचाव उपायों एवं आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर वनाग्नि की रोकथाम एवं नियंत्रण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले स्थानीय ग्रामीणों, व्यक्तियों एवं अन्य सहयोगियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उनके द्वारा वन संरक्षण एवं वनाग्नि नियंत्रण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य लोगों को भी वन संरक्षण के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) मसूरी वन प्रभाग देवी प्रसाद बलूनी, उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) दिनेश प्रसाद नौडीयाल, वन क्षेत्राधिकारी मसूरी रेंज महेंद्र सिंह चौहान, वन क्षेत्राधिकारी रायपुर रेंज हरीश गैरोला, वन विभाग के प्रभागीय एवं रेंज स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, हंस फाउंडेशन के सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर पुरुषोत्तम थपलियाल, हंस फाउंडेशन की CDS दिव्या ज्योति बिजल्वाण, सम्मानित होने वाले व्यक्ति, हंस फाउंडेशन के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) दिनेश प्रसाद नौडीयाल,
ने कहा कि वनाग्नि की रोकथाम केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें स्थानीय समुदाय की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनसहयोग, जागरूकता एवं समयबद्ध कार्रवाई से वनाग्नि की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
अंत में हंस फाउंडेशन एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी ग्रामीणों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी वन संरक्षण एवं वनाग्नि नियंत्रण के लिए आपसी सहयोग से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
