November 26, 2026

लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने जीती अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन पर्वतीय साइकिल दौड़

लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने जीती अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन पर्वतीय साइकिल दौड़
मसूरीl
Devendra Uniyal
 राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद द्वारा साइकिलिंग संघ के तकनीकी सहयोग से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन पर्वतीय साइकिल दौड़ का मसूरी टिहरी बाईपास रोड लक्ष्मणपुरी में समापन किया गया। इसमें लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने 23 घंटे 31 मिनट 2 सेकेंड के कुल समय के साथ खिताब अपने नाम किया। हरियाणा के शिवेन 8 मिनट 58 सेकेंड पीछे रहकर द्वितीय तथा सेना की साहसिक दल के खुशीमन घरती ने 9 मिनट 17 सेकेंड पीछे रहकर तृतीय स्थान हासिल किया।
इस मौके पर मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, आरएन भार्गव इंटर कॉलेज व सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सड़क के किनारे खड़े होकर समापन स्थल पर साइकिल दौड़ में भाग लेने वालों का हाथ हिलाकर स्वागत किया l
20 नवम्बर को नैनीताल जनपद के मुक्तेश्वर में आयोजित शुभारम्भ समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरदृश्य माध्यम से दौड़ का उद्घाटन किया, तत्पश्चात मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल चालकों को रवाना किया। देश के 18 राज्यों तथा भारतीय थल सेना, वायुसेना एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 66 साइकिल चालकों ने मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी एवं चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी तक कुल 658 किलोमीटर की दूरी 6 चरणों में तय की। कुमाऊँ और गढ़वाल के 10 जनपदों को एक मार्ग से जोड़ने वाली यह दौड़ प्रदेश की एकता और यहाँ के लोगों के आपसी जुड़ाव की प्रतीक बनी। मार्ग में अनेक स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर साइकिल चालकों का स्वागत किया।
मात्र 19 वर्ष के त्सेवांग नोरबू ने पहले दोनों चरण जीतकर बढ़त बनाई और अंत तक उसे बनाए रखा। तीसरे चरण में शिवेन ने नोरबू को एक सेकंड के दसवें हिस्से से भी कम अंतर से पछाड़ा, जबकि खुशीमन घरती ने अंतिम तीनों चरण तिलवाड़ा से टिहरी, टिहरी से चिन्यालीसौड़ तथा चिन्यालीसौड़ से मसूरी जीतकर दमदार प्रदर्शन किया। सबसे लंबा चरण बागेश्वर से तिलवाड़ा तक 145 किलोमीटर का रहा।
सायं टाउन हॉल, मसूरी में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान किए तथा सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह,, साइकिलिंग संघ के महासचिव मनिन्दर पाल सिंह तथा कोषाध्यक्ष विमल चौधरी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन उत्तराखण्ड को साहसिक खेलों के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित कर रहे हैं और पर्वतीय क्षेत्रों में शीतकालीन पर्यटन तथा स्थानीय आजीविका को नई गति दे रहे हैं।
सचिव पर्यटन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद धीराज सिंह गर्ब्याल ने आयोजन की सफलता पर सभी को बधाई देते हुए कहा, राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर देश भर के साइकिल चालकों ने कुमाऊँ से गढ़वाल तक 658 किलोमीटर का सफर तय कर उत्तराखण्ड की एकता का संदेश दिया है। इस दौड़ ने सिद्ध किया है कि उत्तराखण्ड के पर्वतीय मार्ग साहसिक खेलों के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ गंतव्यों में हैं। ऐसे आयोजनों से शीतकालीन पर्यटन को बल मिलता है, कम-ज्ञात क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर आते हैं और मार्ग के गाँवों में होमस्टे एवं स्थानीय आजीविका के नए अवसर बनते हैं। हमारा प्रयास है कि उत्तराखण्ड वर्ष भर साहसिक पर्यटन का प्रमुख केन्द्र बने।
स्वागत संबोधन में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि यह आयोजन राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ को समर्पित है और इसका उद्देश्य कम-ज्ञात पर्वतीय क्षेत्रों एवं शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, गढ़वाल मंडल विकास निगम, कुमाऊँ मंडल विकास निगम, साइकिलिंग संघ एवं मार्ग के सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक प्रचार अमित लोहनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उत्तराखण्ड पर्यटन द्वारा आगामी 4 से 6 दिसम्बर तक हिमालयन कार रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही माणा दर्रे से 100 मील हिमालयन धैर्य दौड़ सहित वर्ष भर विभिन्न साहसिक आयोजन प्रस्तावित हैं।

You may have missed