झडीपानी कोल्हूखेत मार्ग की दुदर्शा, छात्रों ने कहा सड़क नहीं तो गड्ढे भरवा दो, बड़ी मेहरबानी होगी
झडीपानी कोल्हूखेत मार्ग की दुदर्शा, छात्रों ने कहा सड़क नहीं तो गड्ढे भरवा दो, बड़ी मेहरबानी होगी

मसूरी।
देवेंद्र उनियाल
पर्यटन नगरी मसूरी की अधिकांश सड़के खस्ता हाल है जिन पर दुपहिया वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है।
आए दिन दुर्घटनाएं होने के बाद भी संबंधित विभाग इस दिशा में कोई भी कार्य करने को तैयार नहीं है।
जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। सबसे ज्यादा खस्ता हाल सिविल अस्पताल से लक्ष्मणपुरी जाने वाले मार्ग, पिक्चर पहले से लडोर बाजार, बारह कैंची , तिलक लाइब्रेरी व न्यू मार्केट जाने वाले मार्ग का है। यहां पर सड़कों में पड़े गड्ढे दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं।
यही हाल झड़ीपानी कोहलू खेत मार्ग का यहां पर सड़को में इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं कि लोगों का चलना मुश्किल हो गया है इस मार्ग से अधिकांश स्थानीय लोग व देहरादून पढने जाने वाले छात्र आवागमन करते हैं। इस बारे में कई बार नगर पालिका के अधिकारियो और जनप्रतिनिधियों से भी कहा जा चुका है लेकिन अब तक किसी ने भी इस मार्ग की सुध नहीं ली है। बरसात में यदि मसूरी देहरादून मार्ग बंद हो जाता है तो लोग इसी वैकल्पि मार्ग का प्रयोग करते हैं लेकिन पिछले 6 वर्षों से यह मार्ग क्षतिग्रस्त है और ना तो पूर्व की स्थानीय सरकार और ना ही वर्तमान स्थानीय सरकार ने इस ओर कोई ध्यान दिया। आए दिन यहां पर दुर्घटनाएं होती रहती है लेकिन इसके बावजूद भी जनप्रतिनिधियों इस मार्ग की मरम्मत नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क नहीं बना सकते तो कम से कम इस मार्ग में जो गढढे हैं उन्हें तो भरा जा सकता है। स्थानीय निवासी अनस ने कहा कि पिछले 5-6 वर्षों से इस सड़क की स्थिति खराब है और सरकार यदि सड़क नहीं बन सकती है तो कम से कम यहां के गढढे भरवा देने चाहिए ताकि कोई दुर्घटना ना हो। इस बारे में रोहन सिंह ने कहा कि इस मार्ग से आने के लिए उन्हें कई बार सोचना पड़ता है लेकिन मजबूरी में उन्हें इसी रास्ते आना पड़ता है यहां पर इतने बड़े गढढे हैं कि स्कूटी का टायर इसमें फंस सकता है, जिसे निकालने में खासी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि इस सड़क की शीघ्र मरम्मत की जानी चाहिए। छात्र प्रियांशु शर्मा ने कहा कि वह देहरादून के एक कॉलेज के छात्र हैं और हर रोज इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं लेकिन इस मार्ग की स्थिति बहुत खराब है और रोज यहां पर दुर्घटनाएं होती रहती है। उन्होंने भी कहा कि यदि सड़क नहीं बन पाती है तो कम से कम गढढे भर देने चाहिए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस संबंध में पालिका अधिशासी अधिकारी तनवीर सिंह मारवाह ने बताया कि उक्त कार्य का वर्कआउट तैयार है। मौसम साफ होते ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
संपादक: देव उनियाल
