May 21, 2026

ओक ग्रोव स्कूल में पुस्तक मेले का आयोजन, छात्रों के आकर्षण का केंद्र रहा 

0
ओक ग्रोव स्कूल में पुस्तक मेले का आयोजन, छात्रों के आकर्षण का केंद्र रहा
मसूरी।
Devendra Uniyal

 झड़ीपानी स्थित उत्तर रेलवे के प्रतिष्ठित ओक ग्रोव स्कूल में  विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ पुस्तक मेला आयोजित किया गया। विद्यालय के तीनों विंगों के विद्यार्थियों ने मेले में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने किया। इस वर्ष पुस्तक मेले का आयोजन नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा किया गया।
पुस्तक मेले में बाल साहित्य, पाठ्य पुस्तकें, कथा एवं गैर-कथा साहित्य, क्लासिक्स, संदर्भ पुस्तकें, धर्म, इतिहास, संगीत, व्यंजन, फैंटेसी, एडवेंचर, थ्रिलर तथा ग्राफिक नॉवेल सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पुस्तकों में विशेष रुचि दिखाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए स्टोरी टेलिंग कार्यशाला का आयोजन भी किया गया, जिसमें उन्हें कहानी प्रस्तुतीकरण, स्वर संचालन, अभिव्यक्ति तथा रचनात्मक प्रस्तुति की कला से अवगत कराया गया। कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत रोचक एवं संवादात्मक रही, जिससे उनके संप्रेषण कौशल एवं कल्पनाशीलता को बढ़ावा मिला। साथ ही थिएटर आर्ट कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को अभिनय, मंच संचालन, भाव-भंगिमा, संवाद अदायगी तथा टीमवर्क की मूलभूत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न थिएटर गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान फिटनेस टेस्ट के विजेताओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों एवं शारीरिक फिटनेस के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने विजेताओं को बधाई देते हुए विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने कहा कि विद्यालय में पुस्तक मेले के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की आदत विकसित करना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पढ़ने की आदतों में बदलाव अवश्य आया है, लेकिन पुस्तकों के प्रति आकर्षण और पढ़ने का आनंद आज भी बना हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं ज्ञानवर्धक साहित्य पढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कुसुम कंबोज, विपुल रावत, धैर्य नागपाल, अनुपम सिंह, अतुल कुमार सक्सेना, एस.के. रज़ा, मनीषा शर्मा, सुरभि शर्मा, आर.एन. यादव, संतोष कुमार, आशुतोष कुमार, प्रणिल नंदेश्वर, अनिल सेंगर, अलका वर्मा, प्रीति लकड़ा, जी.डी. रतूड़ी, योगेश नौटियाल, दीप्ति बुटोला, रश्मि शर्मा, शादाब आलम सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
+ posts

संपादक: देव उनियाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *