August 6, 2026

मसूरी की वेंडिंग व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद में नगर पालिका  को  मिली बड़ी राहत

मसूरी की वेंडिंग व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद में नगर पालिका  को  मिली बड़ी राहत

  • मसूरी  Devendra Uniyal 

मसूरी की वेंडिंग व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद में नगर पालिका  को  राहत मिल गई.l

  उच्च न्यायालय नैनीताल ने रेहड़ी-पटरी कमजोर वर्ग कल्याण समिति मसूरी द्वारा दायर रिट याचिका पर फैसला  सुनाते हुए पालिका द्वारा की गई समस्त कार्यवाहियों को सही ठहराते हुए याचिका को निरस्त कर दिया ।

उच्च न्यायालय के इस आदेश से स्पष्ट हो गया है कि नगर पालिका मसूरी द्वारा शहर में वेंडिंग व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदम पूरी तरह पारदर्शी, कानूनसम्मत और जनहित में हैं।
गौरतलब है कि रेहड़ी-पटरी समिति ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर टाउन वेंडिंग कमेटी के गठन, विक्रेताओं के नए सर्वे और माल रोड पर फड़-फेरी लगाने की मांग की थी।
मामले की सुनवाई के दौरान नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिवक्ता ललित मिगलानी द्वारा न्यायालय के समक्ष पालिका की पारदर्शी कार्यवाहियों का पूरा ब्यौरा रखा गया। पालिका की ओर से न्यायालय को बताया गया कि टाउन वेंडिंग कमेटी का पुनर्गठन  नियमानुसार पारदर्शी चुनाव संपन्न कराए जा चुके हैं। स्ट्रीट वेंडर्स अधिनियम के तहत पात्र रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं का सर्वे पूरा कर सभी पात्र वेंडर्स को वेंडिंग लाइसेंस निर्गत किए जा चुके हैं। लाइसेंस धारक व्यवसायियों के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन का चयन कर लिया गया है, जहां वे सुचारू रूप से अपना व्यवसाय कर सकते हैं।

न्यायालय ने पालिका द्वारा प्रस्तुत तथ्यों को रिकॉर्ड पर लेते हुए माना कि याचिकाकर्ताओं की सभी शिकायतों का नियमानुसार समाधान किया जा चुका है। इसी आधार पर याचिका को निस्तारित कर दिया गया।

नगर पालिका प्रशासन ने उच्च न्यायालय के इस निर्णय का स्वागत किया है। प्रशासन का कहना है कि पालिका सदैव नियमों के दायरे में रहकर मसूरी की यातायात व्यवस्था, पर्यटकों की सुविधा, माल रोड की सुंदरता और पटरी व्यवसायियों के हितों में संतुलन बनाकर कार्य कर रही है। न्यायालय के निर्णय से पालिका की निष्पक्षता और पारदर्शी कार्यशैली सिद्ध हुई है।
साथ ही पालिका प्रशासन ने सभी स्वीकृत लाइसेंस धारक वेंडरों से अपील की है कि वे चिन्हित वेंडिंग जोन में ही अपना व्यवसाय संचालन करें तथा मसूरी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में पालिका का सहयोग करें।