सेवा संकल्प अभियान के तहत मसूरी में योग सत्र और महिला स्वास्थ्य कार्यशाला आयोजित मसूरी।
सेवा संकल्प अभियान के तहत मसूरी में योग सत्र और महिला स्वास्थ्य कार्यशाला आयोजित
मसूरी। 

Devendra Uniyal
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मसूरी में दो कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पहले कार्यक्रम के तहत मसूरी पब्लिक स्कूल में एक विशेष योग सत्र का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें योग गुरु कोमल सेमवाल ने सभी को योग की विस्तृत जानकारी दी और अभ्यास करवाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ‘पहला सुख निरोगी काया’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। योग के लचीलापन और संतुलन, तनाव में कमी, हृदय स्वास्थ्य, बेहतर नींद, रोग प्रतिरोधक क्षमता, दर्द से राहत, एकाग्रता और ऊर्जा जैसे अनेक फायदों के बारे में बताया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मसूरी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विकास सहित समस्त अध्यापक मौजूद रहे और 225 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
वहीं, अभियान के तहत ही दूसरा कार्यक्रम मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज में महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला के रूप में आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता डॉक्टर सृष्टि करनवाल ने महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विस्तार से छात्राओं और महिलाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान और शक्ति केंद्र संयोजक कुलदीप जदवान उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य “नारी स्वस्थ तो परिवार सशक्त, नारी सशक्त तो राष्ट्र समर्थ” के संकल्प को धरातल पर उतारना है। मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के ‘फिट इंडिया’ और ‘आरोग्य भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए मातृशक्ति का स्वस्थ होना अनिवार्य है। भाजपा इस अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी हर महिला तक स्वास्थ्य सुविधाएं और जागरूकता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस कार्यशाला में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और भारी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
