दशहरे पर सनातन धर्म मंदिर की ओर से पुरुषोत्तम राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई
दशहरे पर सनातन धर्म मंदिर की ओर से पुरुषोत्तम राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गईमसूरी। संवाददाता
बुराई पर सच्चाई की जीत का पर्व दशहरा पर्यटन नगरी में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर सनातन धर्म सभा की ओर से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा पारंपरिक वाद्ययंत्रों और बैंड-बाजों के साथ श्री सनातन धर्म मंदिर से निकाली गई, जो मालिंगार चौक, गुरुद्वारा चौक, लंढौर बाजार, घंटाघर, कुलड़ी, मालरोड होते हुए गांधी चौक तक गई।
इससे पहले सनातन धर्म मंदिर में भगवान राम की पूजा-अर्चना की गई, उसके बाद शोभायात्रा निकाली गई। रास्ते भर शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम रामचंद्र, राम दरबार, बनवासी राम परिवार, भगवान शिव और मां दुर्गा की झांकियों पर पुष्प वर्षा की। शोभायात्रा में स्थानीय लोक कलाकार पारंपरिक वाद्ययंत्रों पर नृत्य करते हुए चल रहे थे।
शोभायात्रा के कुलड़ी पहुंचने पर श्री राधा-कृष्ण मंदिर समिति की ओर से भगवान राम की पूजा की गई और प्रसाद वितरित किया गया। वहीं गांधी चौक पहुंचने पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति की ओर से पूजा कर प्रसाद बांटा गया। इसके बाद गांधी चौक पर बड़ी संख्या में मौजूद धर्मप्रेमियों के समक्ष बुराई के प्रतीक रावण का दहन किया गया।
दहन के बाद शोभायात्रा वापस सनातन धर्म मंदिर लौटी, जहां भगवान श्रीराम का राजतिलक कर प्रसाद वितरित किया गया।
इस मौके पर सनातन धर्म मंदिर सभा के अध्यक्ष दीपक गुप्ता, मंत्री नीरज अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, कांग्रेस नेता उपेंद्र थापली, गोविंद पुंडीर, अमित गुप्ता, अनिल गोयल, अनुज तायल, वैभव तायल, उपेंद्र पंवार, संदीप अग्रवाल, रवि गोयल, अतुल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
