मसूरी में स्कूटी–टैक्सी पर बड़ी कार्रवाई, 25 जब्त, 60 से अधिक चालान
मसूरी में स्कूटी–टैक्सी पर बड़ी कार्रवाई, 25 जब्त, 60 से अधिक चालान

मसूरी
Devendra Uniyal
मसूरी में बढ़ती स्कूटी–टैक्सी संचालन और नो-पार्किंग अव्यवस्था पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार को नगर पालिका के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई शुरू होते ही लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस, झूलाघर, गांधी चौक व एम.एन.एन. मार्ग पर स्कूटी टैक्सी संचालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान का नेतृत्व एआरटीओ प्रशासन चक्रपाणि मिश्रा व परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत ने किया। जांच में कई स्कूटी टैक्सियाँ बिना रजिस्ट्रेशन, बिना अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के संचालन करती मिलीं। विभाग ने मौके पर 25 स्कूटी जब्त कर 60 से अधिक चालान काटे। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
इस मौके पर एआरटीओ चक्रपाणि मिश्रा ने बताया कि कई संचालक नियमों के अनुरूप पार्किंग, रिसेप्शन, शौचालय और यात्रियों के रिकॉर्ड जैसी अनिवार्य सुविधाएँ उपलब्ध नहीं कर रहे। कई प्राइवेट स्कूटी को भी टैक्सी बनाकर किराये पर चलाया जा रहा था। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्तीकरण से लेकर वाहन जब्त तक की सख्कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने कहा कि मसूरी पर्यटन नगरी की छवि और सुरक्षा को देखते हुए जल्द ही और बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया जाएगा। मौके पर अधिशासी अधिकारी रजनीष डोबरियाल भी मौजूद रहे।
संपादक: देव उनियाल
