August 30, 2026

सुवाखोली में प्रस्तावित बिजली घर की भूमि का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया स्थलीय निरीक्षण, विसंगतियां दूर कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए 

सुवाखोली में प्रस्तावित बिजली घर की भूमि का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया स्थलीय निरीक्षण, विसंगतियां दूर कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए
मसूरीl
Devendra Uniyal
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मसूरी के सुवाखोली में प्रस्तावित बिजली घर के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद यूपीसीएल, वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से भूमि संबंधी जानकारी ली और सभी विसंगतियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि से संबंधित सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि प्रस्तावित बिजली घर के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करें और निर्माण कार्य प्रारंभ करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री ने सुवाखोली में प्रस्तावित शौचालय के लिए चयनित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री जोशी ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, मोहन सिंह, डीएफओ मसूरी देवी प्रसाद बलोनी, निदेशक यूपीसीएल मदन राम आर्य सहित कई विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

You may have missed