एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में नारेबाजी के बीच नामांकन संपन्न
मसूरी।
Devendra Uniyal
एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर बुधवार को छात्रों के विभिन्न संगठनों ने ढोल-नगाड़े व नारेबाजी के बीच अपना नामांकन किया। इस दौरान कॉलेज प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और नामांकन स्थल पर प्रत्याशियों के अलावा किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा था।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा गया। छात्र-छात्राएं अपने समर्थित प्रत्याशियों के साथ नारेबाजी करते हुए नामांकन स्थल पर पहुंचे। इस बार चुनाव में दो प्रमुख छात्र संगठन एनएसयूआई और एबीवीपी के साथ ही एमएस ग्रुप व जौनपुर ग्रुप भी मैदान में है।
एबीवीपी के नामांकन के दौरान एनएसयूआई ने कुछ प्रत्याशियों के दस्तावेजों को लेकर विरोध जताया और जमकर हंगामा किया। आरोपों के चलते एबीवीपी की ओर से तीन प्रत्याशी अपना नामांकन नहीं भर पाए।
एबीवीपी की ओर से *विधांत थापली ने अध्यक्ष, आशुतोष जोशी ने महासचिव और करिश्मा ने विश्वविद्यालय प्रतिनिधि* पद पर नामांकन भरा।
वहीं एनएसयूआई की ओर से *विकास सिंह रावत ने अध्यक्ष, गौरव सिंह ने उपाध्यक्ष, ईशा ने सह-सचिव, सलोनी ने कोषाध्यक्ष और संध्या ने विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UR)* पद पर नामांकन किया।
जबकि मसूरी छात्र संगठन (MS ग्रुप) की ओर से मनन शाही ने अध्यक्ष पद और प्रियांशु कंडारी ने महासचिव पद पर तथा जौनपुर ग्रुप की ओर से अंकित रौछेला व रिया ने महासचिव पद पर नामांकन भरा।
एबीवीपी के तीन पदों पर नामांकन न भर पाने से उपाध्यक्ष, सह-सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर एक-एक ही प्रत्याशी का नामांकन हो पाया है, जिससे इन तीनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय है। हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है
इस मौके पर एमपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार ने कहा कि कॉलेज में सभी पदों पर शांतिपूर्ण वातावरण में प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है और इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

