सुवाखोली में कृषि मंत्री ने कृषक रथ को दिखायी हरी झंडी
सुवाखोली में कृषि मंत्री ने कृषक रथ को दिखायी हरी झंडी

मसूरीl
Devendra Uniyal
प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को सुवाखोली में सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद किया और कृषकों को कृषि यंत्र, उन्नत किस्म के बीज तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा कार्य किए जा रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प के अनुरूप अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि यह कृषक रथ गांव-गांव जाकर किसानों को सरकार की जनकल्याणकारी एवं कृषि आधारित योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा। भारत कृषि प्रधान देश है और 60 से 70 प्रतिशत आबादी आज भी खेती से जुड़ी है। किसानों को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पॉलीहाउस, मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी की खेती पर सब्सिडी दी जा रही है। एरोमा मिशन के तहत 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य है। साथ ही मृदा परीक्षण, जैविक खेती, जल संरक्षण और फसल विविधीकरण की जानकारी भी विभाग द्वारा दी जा रही है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, कृषि निदेशक दिनेश कुमार सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
