श्री घंटाकर्ण देव जात्रा’ मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
श्री घंटाकर्ण देव जात्रा’ मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
मसूरी।
Devendra Uniyal
मसूरी शरदोत्सव की चौथी रात्रि में आज ‘श्री घंटाकर्ण देव जात्रा’ मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। मसूरी शरदोत्सव के मंच पर भगवान शिव अंश श्री घंटाकर्ण देवता की यात्रा जीवंत हो उठी।
श्री घंटाकर्ण देवता के नौजा निशान देख श्रद्धालुओं में अपने इष्ट के प्रति आस्था जाग उठी और वे खुशी से देवता को याद करते हुए उन्हें नमन करने लगे। यह पहला अवसर था जब केदारखंड के प्रसिद्ध देवता श्री घंटाकर्ण की यात्रा को मंच पर दिखाया गया। विदित हो कि श्री घंटाकर्ण देवता बद्रीनाथ के क्षेत्रपाल हैं और मंदिर में सबसे पहले उनकी ही मूर्ति विराजमान है।
यह प्रस्तुति फिल्म निर्देशक एवं लोक संस्कृति कर्मी प्रदीप भण्डारी के निर्देशन में तैयार की गई थी। श्री घंटाकर्ण देव यात्रा के बारे में श्री भण्डारी ने बताया कि आज हमारी नई पीढ़ी शहरों में जन्म ले रही है, जिससे उन्हें अपनी गौरवशाली संस्कृति, परम्परा और देवी-देवताओं को जानने का अवसर नहीं मिल पाता। यही सोचकर उन्होंने श्री घंटाकर्ण देव यात्रा को मंच पर दिखाने का साहस किया, ताकि नई पीढ़ी मंच पर नजदीकी से अपने कल्याणकारी देवी-देवताओं को देख और समझ सके, उन्हें अधिक जानने की जिज्ञासा उनमें उत्पन्न हो और वे अपनी जड़ों को खोजने पहाड़ का रुख करें। साथ ही पुरानी पीढ़ी भी अपने देवता को याद कर आनंद उठा सके। विदित हो कि हरिद्वार कुंभ की भांति प्रत्येक 12 साल में श्री घंटाकर्ण देवता की विशाल यात्रा होती है, जिसके नौजा निशान और पूजन का तरीका अन्य देव यात्राओं से बिल्कुल अलग होता है।
प्रदीप भण्डारी एवं साथियों द्वारा प्रस्तुत इस श्री घंटाकर्ण देव जात्रा में पदम गुसांई, प्रेरणा भण्डारी नेगी, रवि गुसांई, सुनील टम्टा, आशीष गुसांई, संदीप बागड़ी, कोमल नेगी, सुमित गुसांई आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।
लोक गायिका प्रेरणा भण्डारी नेगी ने ‘ये जि मेरा मैत मां जात्रा च एसु’, ‘दूर डांडी गांव गुठ्यार’ आदि गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। साथ ही उत्तराखंड स्टार परफॉर्मेंस में भारतीय सिनेमा के सदाबहार सुपरस्टार देव साहब पर उनके हमशक्ल संदीप बागड़ी और अभिनेत्री कोमल नेगी ने देव साहब के अनेक गीतों पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को खूब हंसाया एवं भरपूर मनोरंजन किया। देव साहब की मिमिक्री और नृत्य अदा दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
