मसूरी में 26वें दिन पटरी व्यापारियों का फूटा गुस्सा, शहीद स्थल पर किया ‘सद्बुद्धि यज्ञ’
मसूरी में 26वें दिन पटरी व्यापारियों का फूटा गुस्सा, शहीद स्थल पर किया ‘सद्बुद्धि यज्ञ’

मसूरी।
Devendra Uniyal
माल रोड पर पूर्व की तरह रेडी-पटरी लगाने की मांग को लेकर पटरी व्यापारियों का आंदोलन गुरुवार को 26वें दिन भी जारी रहा। मसूरी रेडी पटरी कमजोर वर्ग कल्याण समिति के बैनर तले व्यापारियों ने शहीद स्थल पर एकत्र होकर शासन, प्रशासन और नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा “सद्बुद्धि यज्ञ” कर सरकार से गरीबों के हित में निर्णय लेने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान देहरादून से उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष मेजर संतोष भंडारी तथा केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रमिला रावत भी शहीद स्थल पहुंचीं और हवन में आहुति दी।
इस मौके पर उक्रांद नेताओं ने शासन-प्रशासन और नगर पालिका को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही रेहड़ी-पटरी से जुड़े गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी गरीबों के घर उजाड़े गए और अब उनके रोजगार पर भी संकट खड़ा कर दिया गया है। साथ ही सरकार और मंत्री गणेश जोशी पर क्षेत्र के मूल निवासियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप भी लगाया।
उक्रांद महिला प्रकोष्ठ ने कहा कि शहर का समुचित विकास तभी संभव है, जब गरीब और कमजोर वर्ग की आवाज को सुना जाए। उन्होंने पटरी व्यापारियों को आश्वस्त किया कि यदि शीघ्र कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, तो उत्तराखंड क्रांति दल के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके साथ सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन करेंगे और उनके अधिकारों की लड़ाई को तेज करेंगे।
पटरी व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन हिटलर शाही रवैया अपनाते हुए गरीबों की रोजी-रोटी छीन रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार आंदोलन के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो इसका जवाब 2027 के चुनाव में दिया जाएगा।
कांग्रेस नेत्री सोनिया आनंद रावत ने भाजपा सरकार पर गरीब विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस नेता उपेंद्र थापली ने कहा कि राजनीतिक दबाव में गरीबों को हटाया जा रहा है, जबकि बड़े अवैध निर्माणों पर कार्रवाई नहीं हो रही। उत्तराखंड क्रांति दल की वरिष्ठ नेत्री प्रमिला रावत ने कहा कि उत्तराखंड के मूल निवासियों को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि छोटे व्यापारियों को अतिक्रमण के नाम पर हटाया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने सरकार और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांग की कि जब तक वेंडर जॉन नहीं बनाया जाता तब तक उन्हें पूर्व की भांति माल रोड पर रोजगार करने की अनुमति दी जाए। इस मौके पर पूर्व पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता. प्रकाश राणा. गोविंद नौटियाल कमल भंडारी रामकिशन राही. संजय संजय. सहित बड़ी संख्या में पार्टी व्यवसाय मौजूद रहेl
संपादक: देव उनियाल
