ब्लू प्वाइंट से युवक नीचे गिरा अस्पताल में तोड़ा दम
ब्लू प्वाइंट से युवक नीचे गिरा अस्पताल में तोड़ा दम
Devendra Uniyal
शुक्रवार को प्रातः लगभग 04:55 बजे चौकी लाइब्रेरी पर स्थानीय गाइड अरशद द्वारा सूचना दी गई कि लाइब्रेरी चौक के पास व्यू प्वाइंट से एक व्यक्ति नीचे गिर गया है, जो गंभीर रूप से घायल है।
सूचना पर तत्काल रात्रि अधिकारी एवं चीता लाइब्रेरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घायल व्यक्ति को तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी उपचार हेतु भेजा गया। उपचार के दौरान उक्त व्यक्ति की मृत्यु हो गई।
सूचना देने वाले अरशद द्वारा बताया गया कि वह प्रातः लाइब्रेरी चौक की ओर आया था। उसने देखा कि एक व्यक्ति लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट की रेलिंग के दूसरी ओर खड़ा था। अरशद द्वारा अपनी स्कूटी साइड में खड़ी की जा रही थी, तभी उसे किसी व्यक्ति के नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर देखा तो वही व्यक्ति नीचे गिरा हुआ तथा घायल अवस्था में पड़ा था। इस पर उसके द्वारा तत्काल चौकी लाइब्रेरी को सूचना दी गई।
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पंचायतनामा की कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है तथा घटना के संबंध में अग्रिम जांच/आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
