September 6, 2026

एमपीजी कॉलेज मसूरी में 6 माह से वेतन नहीं, कर्मचारियों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

एमपीजी कॉलेज मसूरी में 6 माह से वेतन नहीं, कर्मचारियों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
मसूरी।
Devendra Uniyal
एम.पी.जी. कॉलेज मसूरी में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को पिछले छह माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, वहीं कॉलेज के सुचारू संचालन पर भी इसका असर पड़ रहा है।
कॉलेज के सुचारू संचालन एवं कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा कॉलेज के प्रांतीयकरण का प्रस्ताव शासन को भेजने के साथ ही प्रशासक नियुक्त किए जाने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक प्रशासक की नियुक्ति नहीं होने से कॉलेज के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञात हो कि गढ़वाल विश्वविद्यालय द्वारा कॉलेज की प्रबंधन समिति का अनुमोदन न दिए जाने के बाद नगर पालिका परिषद द्वारा शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए कदम उठाया गया था। इसके बावजूद प्रशासक की नियुक्ति लंबित रहने से कर्मचारियों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को भी विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने शासन से शीघ्र प्रशासक नियुक्त कर कॉलेज की व्यवस्थाओं को सुचारू करने तथा छह माह से लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस संबंध में कॉलेज कर्मचारी विनोद सिंह कंडारी, मनीषा शर्मा, सविता, सतीश चंद उनियाल, सुभाष भंडारी आदि ने शासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री को भी अवगत कराया जाएगा।