मसूरी विधानसभा टिकट की दौड़ में गामा ने ठोकी ताल, बोले- आखिरी गेंद तक उम्मीद बरकरार
मसूरी विधानसभा टिकट की दौड़ में गामा ने ठोकी ताल, बोले- आखिरी गेंद तक उम्मीद बरकरार

मसूरीl
Devendra Uniyal
मसूरी विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट को लेकर सियासी हलचल के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने अपनी दावेदारी को लेकर बड़ा संकेत दिया है। गामा ने कहा कि वह मसूरी विधानसभा से चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा को लेकर लगातार प्रयास करते रहेंगे।
हालांकि टिकट का अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा, लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक मैच की आखिरी गेंद नहीं फेंकी जाती, तब तक चौका-छक्का लगने की उम्मीद बनी रहती है।
टिकट किसी को मिले, एकजुट होकर करेंगे काम
गामा ने स्पष्ट किया कि भाजपा नेतृत्व मसूरी से जिसे भी प्रत्याशी बनाएगा, वह उसके साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा, मसूरी में पहले भी कमल खिला है और आगे भी कमल खिलेगा। भाजपा की जीत के लिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है।
गामा ने कहा कि अब उनकी इच्छा मसूरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने की है। इसके लिए वह लगातार जनता और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय रहेंगे। गामा ने कहा कि वह करीब 40 वर्षों से भाजपा के सिपाही के रूप में संगठन के लिए काम कर रहे हैं। वर्ष 2018 में पार्टी ने उन्हें देहरादून नगर निगम के मेयर पद का टिकट देकर आशीर्वाद दिया था।
