June 5, 2026

संत निरंकारी मिशन. अग्निशमन.रोटरी क्लब ने पर्यावरण दिवस पर किया   पौधारोपण

संत निरंकारी मिशन. अग्निशमन.रोटरी क्लब ने पर्यावरण दिवस पर किया
  पौधारोपण
मसूरी।
Devendra Uniyal
निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की प्रेरणा एवं दिव्य आशीर्वाद से संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा, संत निरंकारी चौरिटेबल फाउंडेशन, संयुक्त राष्ट्र संघ की इस वर्ष की थीम ‘बीट प्लास्टिक पोल्युशन’ के अनुरूप 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस पर संपूर्ण भारतवर्ष के 18 पर्वतीय एवं पर्यटन स्थलों सहित पर्यटन नगरी मसूरी में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया जिसमें साढे तीन सौ से अधिक स्वयं सेवकों ने प्रतिभाग किया।
यह अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रयास नहीं, बल्कि सेवा, सुमिरण और सद्भाव के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का एक आध्यात्मिक उपक्रम है। वर्तमान में जब संपूर्ण विश्व पर्यावरण संरक्षण हेतु सजग होकर सकारात्मक कदम बढ़ा रहा है, ऐसे समय में संत निरंकारी मिशन अपने सेवा मूल्यों द्वारा समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी में यह संदेश सशक्त कर रहा है कि स्वच्छता केवल बाहरी वातावरण की नहीं, बल्कि विचारों, संस्कारों और जीवनशैली की भी होनी चाहिए। इस महाअभियान में संत निरंकारी चौरिटेबल फाउंडेशन के स्वयंसेवक, सेवादल सदस्य, श्रद्धालु एवं स्थानीय निवासी एकजुट होकर हर कण में प्रभु का दर्शन की भावना के साथ प्रकृति संरक्षण के इस पुनीत यज्ञ में सहभागी बने। इस मौके पर संत निरंकारी मिशन के स्वयं सेवकों ने मसूरी में बारिश के बीच सफाई अभियान चलाया, व शहीद स्थल पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें पर्यावरण संरक्षण को लेकर नुक्कड नाटक भी किए। इस मौके पर जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी को पौधा भेंट किया गया व उन्होंने कहा कि स्वच्छ मसूरी, ग्रीन मसूरी के लिए सभी को मिलकर संकल्प के साथ कार्य करना चाहिए, उन्होंने प्लास्टिक का प्रयोग न करने व कूड़ा इधर उधर न फेंकने का भी आहवान किया।
वहीं दूसरी ओर  विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ने ए ग्रीन स्टेप टुवर्ड्स एनवायरनमेंट परियोजना के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय झड़ीपानी में पौधा वितरण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया l
 इस अवसर पर विद्यालय परिसर में 38 पुष्पीय पौधों का वितरण एवं रोपण किया गया, जिससे विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित की जा सके।
पौधा वितरण कार्यक्रम में बोलते हुए रोटरीं क्लब अध्यक्ष रोटेरियन दीपक अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण और हरियाली को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन रजत अग्रवाल ने परियोजना की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को वितरित किए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा उन्हें सुरक्षित और विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य में स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण की नींव बनेगा। विद्यालय प्रशासन ने रोटरी क्लब के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय परिसर को हरित एवं सुंदर बनाना तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
वही क्लब महेंद्रा, स्टर्लिग रिजोर्ट व मोजाइक होटल ने संयुक्त रूप से पर्यावरण दिवस पर कैमल बैक रोड पर पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपन अपने संस्थान की ओर से योगदान दिया। इस मोके पर क्लब महिंद्रा, स्टर्लिग रिजोर्ट व मोजाइक होटल के प्रतिनिधियों ने कैमल बैक रोड पर विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया। इस मौके पर संजय उनियाल, आर्य शर्मा, मुकुल, पूरण ंिसंह, भावना, आरती, सिमरन, राम केवल, दिनेश, विजेंद्र, जिया, व मुकेश आदि मौजूद रहे।
इसके साथ ही
अग्नि शमन विभाग ने अग्नि शमन मसूरी प्रभारी धीरज तड़ियाल के नेतृत्व में लाइब्रेरी अकादमी रोड पर फायर स्टेशन परिसर में पौधा रोपण किया। इस मौके पर सभी अग्नि शमन कर्मचारियों को एकत्र किया गया व परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के बारे में जानकारी देने के साथ ही पौधा रोपण किया गया। विभाग के कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोप कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विभाग की ओर से सहयोग किया।